चंडीगढ़, 12 जनवरी।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान दार्शनिक, समाज सुधारक और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी को उनकी 163वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम स्थित एसपीआर रोड पर स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और कर्मयोग का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताया था और उनका जीवन संदेश आज के समय में और भी प्रासंगिक है। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर युवा समाज और राष्ट्र के लिए सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
कार्यक्रम में गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली, पूर्व सांसद श्रीमती सुधा यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।