"औद्योगिक सेक्टर में निवेश को बढ़ावा देने का निर्णय"
चंडीगढ़: हरियाणा उद्यम प्रोत्साहन बोर्ड (एचईपीबी) की 19वीं बैठक चंडीगढ़ में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नायब सिंह सैनी ने की।
बैठक में राज्य में निवेश को बढ़ावा देने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और नई परियोजनाओं को मंजूरी देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने विभिन्न प्रस्तावों और योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।
परियोजनाओं के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में कार्यकारी अधिकार प्राप्त समिति (ईईसी) की सिफारिशों के आधार पर एचईपीबी द्वारा अनुमोदित किया गया। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक में बीईयूएमईआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति-2020 के अंतर्गत 43.05 करोड़ रुपये के विशेष प्रोत्साहन पैकेज की स्वीकृति प्रदान की गई। कंपनी झज्जर जिले में अत्याधुनिक इंट्रालॉजिस्टिक्स सिस्टम मैन्युफैक्चरिंग सुविधा स्थापित करेगी, जिससे आधुनिक औद्योगिक अवसंरचना के साथ हरियाणा के 138 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
इसी प्रकार, एआईटीएमसी वेंचर्स लिमिटेड को हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति-2020 के अंतर्गत 58.51 करोड़ रुपये के विशेष प्रोत्साहन पैकेज की स्वीकृति प्रदान की गई। कंपनी हिसार जिले में ड्रोन एवं ड्रोन कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करेगी, जिससे रक्षा एवं एयरोस्पेस विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा तथा हरियाणा के 800 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
बैठक में अभ्युदय प्रिंट इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति-2020 के अंतर्गत 31.68 करोड़ रुपये के विशेष प्रोत्साहन पैकेज की स्वीकृति प्रदान की गई। यह परियोजना उन्नत पैकेजिंग सामग्री निर्माण क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के साथ हरियाणा के 105 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी।
इसी प्रकार, मार्क एग्जॉस्ट सिस्टम्स लिमिटेड को हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति-2020 के अंतर्गत 39.95 करोड़ रुपये के विशेष प्रोत्साहन पैकेज की स्वीकृति प्रदान की गई। कंपनी झज्जर जिले में ऑटो कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे राज्य में ऑटो कंपोनेंट्स विनिर्माण क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी तथा हरियाणा के 123 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।