टीबी मुक्त भारत अभियान में भाजपा मेडिकल सेल सक्रिय
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के मेडिकल सेल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत अभियान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को आरएचटीसी पलसोरा और सीएचसी डिस्पेंसरी दादू माजरा में मुफ्त टीबी पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिन्दर पाल मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर जतींदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का सपना केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के स्वस्थ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रोटीन और पोषण युक्त आहार पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि भाजपा मेडिकल सेल पिछले पांच महीनों से लगातार टीबी मरीजों को मुफ्त पोषण किट उपलब्ध करवा रहा है।
कार्यक्रम में राजस्थान परिवार के अध्यक्ष राज किशोर और उनकी टीम ने भी टीबी मरीजों को प्रोटीन व पोषण से भरपूर आहार किट वितरित की। उनकी सामाजिक सेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इस दौरान स्टेट टीबी अधिकारी डॉ. नवनीत कौर, डॉ. माला, डॉ. अनीता चौहान, मेडिकल सेल के कन्वीनर ललित तक्कियार, जिला अध्यक्ष रेखा सूद, को-कन्वीनर दीपक पाठक, अनु सिंगला, डॉ. मीना चड्ढा और संजय अरोड़ा समेत कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टरों और भाजपा पदाधिकारियों ने समाज के सक्षम वर्गों से भी ऐसे जनसेवा अभियानों में सहयोग देने की अपील की, ताकि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को जल्द हासिल किया जा सके।