जीरकपुर 11 Jan :
ढकोली रेलवे फाटक पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में पैदल रेलवे लाइन पार कर रहे एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब 6:45 बजे हुआ, जब रेलवे फाटक बंद था। इसी दौरान मंदिर की ओर से एक व्यक्ति पैदल रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रहा था। अचानक ट्रेन के नीचे आकर कट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस चौकी मुबारकपुर घग्गर से रेलवे पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है। उसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत होती है और वह प्रवासी मजदूर लग रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पहचान न होने के कारण शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चरी में रखवाया जा रहा है।