"25 बच्चों को मिला शैक्षणिक सहयोग, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित"
ज़ीरकपुर: समाजसेवी संस्था पुकार - द वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी द्वारा ‘लक्ष्य प्रोजेक्ट’ के तहत सरकारी प्राइमरी स्कूल, भिशनपुरा (जिला एस.ए.एस नगर) में दूसरा स्टेशनरी ड्राइव सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, एकल अभिभावक परिवारों और अनाथ बच्चों की शिक्षा को सहयोग देना है।
अभियान के दौरान 25 जरूरतमंद बच्चों को स्टेशनरी किट वितरित किए गए। प्रत्येक किट में स्कूल बैग, नोटबुक्स, पेन, पेंसिल और ज्योमेट्री बॉक्स शामिल थे। संस्था का मानना है कि शिक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनका भविष्य मजबूत होता है।
कार्यक्रम विद्यालय की मुख्य अध्यापिका सुश्री मनवीर कौर की उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर नीरू, अमनदीप, ज्योति, पूजा, अल्का, निशा, प्रीति, परमजीत, प्रवेश कुमार, नीरजा, पुनीत कौर, दिशा, जगमीत कौर, बलजीत कौर और अमित सिंगला ने विशेष सहयोग दिया, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुकार एनजीओ की ओर से संस्थापक शिवानी के साथ कुमुद, नीना, भारत, डॉ. मोहित और आरुषि भी मौजूद रहे। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।
संस्था ने विद्यालय स्टाफ और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ‘लक्ष्य प्रोजेक्ट’ जैसी पहलों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और विकास के लिए लगातार कार्य किया जाएगा, ताकि हर बच्चे को समान अवसर मिल सके।