"निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप, आधी रात हटाया गया अतिक्रमण"
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ ने शहर में सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए देर रात विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई रात 10 बजे से लेकर करीब 12:30 बजे तक विभिन्न क्षेत्रों में की गई।
नगर निगम की टीमों ने सेक्टर-19, 22, 34, 37, 40, 17 और 12 के अलावा मनीमाजरा, आईटी पार्क, पीजीआई गेट और नया गांव बैरियर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान वी-4 सड़कों, सार्वजनिक फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रखे गए रेहड़ी, फड़ी, सामान और अन्य सामग्री को हटाया गया।
निगम अधिकारियों के अनुसार, कई दुकानदार और रेहड़ी संचालक कारोबार खत्म होने के बाद भी अपना सामान सार्वजनिक स्थानों पर छोड़ देते थे, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।
अभियान के दौरान जब्त सामान को हटाने और परिवहन के लिए 14 ट्रकों की सहायता ली गई। वहीं कार्रवाई को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 9 सब इंस्पेक्टर एनफोर्समेंट (SIE) सहित फील्ड स्टाफ की तैनाती की गई थी।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने कहा कि शहर में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।