"व्यापारियों और पुलिस की बैठक में कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर फोकस"
चंडीगढ़: सेक्टर-47 स्थित मार्केट में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा ने मार्केट कमेटी के व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा ने व्यापारियों से अपील की कि वे बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा से अधिक सामान न रखें, ताकि जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा व्यापारियों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। साथ ही असामाजिक तत्वों, नशा तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौकों पर लगे सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। बैठक में रात के समय दुकानों की सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मार्केट कमेटी के प्रधान जगजीत सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग दिया जाता रहा है और आगे भी दिया जाएगा। वहीं, समाजसेवी एवं कांग्रेस वार्ड अध्यक्ष बलविंदर सिंह बल्ली ने रात्रि गश्त और चेकिंग बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और चाकूबाजी की घटनाओं में बढ़ोतरी से व्यापारियों में चिंता है।
समाजसेवी विनायक भंगिया ने बताया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों के शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला है।
इस मौके पर सीनियर कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल नवदीप, जगतजीत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी और व्यापारी भी मौजूद रहे।