डेराबस्सी 09 Jan : यदि आप सरकारी अस्पताल में इलाज कराने जा रहे हैं तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। अब आयुष्मान भारत योजना के तहत आभा (ABHA) ऐप पर पंजीकरण कराना अनिवार्य किया जा रहा है। बिना आभा ऐप पर रजिस्ट्रेशन के सरकारी अस्पताल में पर्ची बनवाने में दिक्कत आ सकती है, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को तेजी से आभा ऐप से जोड़ा जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल अस्पताल डेराबस्सी के एसएमओ डॉ. धर्मिंदर सिंह ने बताया कि मरीज को इलाज से पहले आभा ऐप पर रजिस्टर होना जरूरी है। यह पूरी प्रक्रिया करीब पांच मिनट में पूरी हो जाती है।
डॉ. धर्मिंदर सिंह ने बताया कि आभा ऐप के माध्यम से मरीज घर बैठे ही अस्पताल जाने से लगभग एक घंटा पहले अपना टोकन बुक कर सकता है। इससे अस्पताल में लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ती और समय की भी बचत होती है। उन्होंने कहा कि आभा ऐप से मरीज के सभी रोगों और इलाज से संबंधित रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहते हैं। मरीज को किसी भी तरह की फाइल या कागजात संभालकर रखने की आवश्यकता नहीं होती।
उन्होंने आगे बताया कि देश के किसी भी हिस्से में जाने पर भी किसी भी सरकारी अस्पताल में इस ऐप के जरिए इलाज संभव है। एसएमओ ने बताया कि डेराबस्सी क्षेत्र में अब तक करीब 25 प्रतिशत लोग आभा ऐप पर पंजीकरण करवा चुके हैं। शेष लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे समय रहते आभा ऐप से जुड़ जाएं, ताकि भविष्य में इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।