राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रज्जीपुर में आज ‘छात्र पुलिस कैडेट’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में चयनित विद्यार्थियों को पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण प्रदान किए गए, जिससे उनमें अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके।
शिविर के दौरान कंपनी कमांडर तथा निरीक्षक संदीप शर्मा द्वारा विद्यार्थियों को विशेष रूप से शारीरिक अभ्यास करवाया गया। उन्होंने छात्र पुलिस कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को ड्रिल, कदमताल तथा कमान संचालन का गहन अभ्यास कराया गया, जिससे उनमें एक पुलिस अधिकारी जैसी स्फूर्ति, तत्परता और अनुशासन की भावना विकसित हो सके।
प्रशिक्षण के दूसरे चरण में ट्रैफिक प्रभारी सूरजपुर अभिषेक की टीम द्वारा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। कैडेट्स को विभिन्न ट्रैफिक संकेतों, चिन्हों और नियमों के प्रति जागरूक किया गया, ताकि वे भविष्य में ‘ट्रैफिक योद्धा’ के रूप में समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इस दौरान विद्यार्थियों से विभिन्न शारीरिक कार्य भी करवाए गए तथा उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
इस अवसर पर एसीपी ट्रैफिक एवं एसपीसी प्रशिक्षण दल के नोडल अधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच की दूरी को कम करना तथा युवाओं में कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से श्रीमती ऊषा ने इस सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन, विशेष रूप से स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कहा कि छात्र पुलिस कैडेट कार्यक्रम युवाओं को अनुशासन, जिम्मेदारी और कानून के प्रति सम्मान सिखाने का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे प्रयास भविष्य में एक सुरक्षित, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।