चंडीगढ़ 09 Jan । चंडीगढ़ के धनास क्षेत्र स्थित मिल्क कॉलोनी में बुधवार रात उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब असामाजिक तत्वों ने घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सोनू खान अपने परिवार के साथ मिल्क कॉलोनी में रहते हैं। बुधवार रात करीब 9 बजे कुछ युवक इलाके में पहुंचे और बिना किसी उकसावे के घर के बाहर खड़े ऑटो, कार और एक्टिवा के शीशे तोड़ने लगे। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले इसी मोहल्ले में रहते थे और बाद में मोहाली स्थानांतरित हो गए थे।
जब वाहन मालिकों और उनके परिजनों ने इस हरकत का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में सोनू खान के भाई अरशद खान के हाथ और बाजू में गंभीर चोटें आईं, जबकि सोनू खान के चेहरे पर भी चोट लगी है। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों के पास हथियार भी थे, जिससे हमला और भी खतरनाक हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय नशे में घूमने वालों की आवाजाही के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से धनास और आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।