पंचकूला में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से ऐसे वाहन चालकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है जो नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर पुलिस की निगरानी से बचने की कोशिश करते हैं। इस अभियान के तहत पुलिस न केवल ऐसे मामलों की पहचान कर रही है, बल्कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी सुनिश्चित कर रही है, ताकि आम जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना बढ़ सके।
इसी क्रम में आज माजरी चौक के पास सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिन्द्र कुमार की अगुवाई में टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि बाइक की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी, जिससे उसकी पहचान छुपाने का प्रयास किया गया था। इतना ही नहीं, वाहन चालक के पास आवश्यक दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे। उसके पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था, न ही वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, न बीमा और न ही प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी)। यह सभी उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 22,500 रुपये का चालान किया और वाहन को मौके पर ही इंपाउंड कर लिया।
इस संबंध में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नंबर प्लेट के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ कर पुलिस की नजरों की बेचने की कोशिश न करें व बेहतर यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।