शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय की दूसरी मंजिल पर अचानक हुए शॉर्ट सर्किट ने कुछ समय के लिए पूरे दफ्तर में अफरा-तफरी मचा दी। जानकारी के अनुसार, मंजिल पर लगे एमसीबी बोर्ड में अचानक स्पार्किंग शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
घटना के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर दूसरी मंजिल की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे वहां का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। कई अधिकारी और कर्मचारी अपने काम छोड़कर बाहर आ गए और हालात सामान्य होने का इंतजार करते रहे। इस दौरान जरूरी फाइलों का निपटारा भी रुक गया, जिससे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने पहुंचकर पूरे बिजली सिस्टम की गहन जांच की और खराब हुए एमसीबी बोर्ड सहित अन्य उपकरणों की मरम्मत शुरू की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बिजली सप्लाई दोबारा बहाल कर दी गई, जिसके बाद दफ्तर का काम धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इस हादसे ने कार्यालय की बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए नियमित जांच और सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाना चाहिए।