ढकोली स्थित कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में मंगलवार को एक 23 वर्षीय युवक को मृत अवस्था में लाए जाने का मामला सामने आया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुमन रविदास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के कटिहार का रहने वाला था और फिलहाल जीरकपुर की बाजीगर बस्ती में परिवार के साथ रह रहा था।
परिवार में उसकी मां, पत्नी और छह महीने की एक मासूम बेटी है। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इंजेक्शन से करता था नशा
परिजनों के अनुसार सुमन पिछले 2-3 वर्षों से नशे का आदी था और इंजेक्शन के माध्यम से नशा करता था। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले उसने घर पर ही नशे का इंजेक्शन लिया था, जिसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।
अस्पताल लाने में हुई देरी
परिवार के मुताबिक हालत बिगड़ने के बावजूद उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें डर था कि अस्पताल जाने पर पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि जब उसकी हालत ज्यादा गंभीर हो गई, तब उसे ढकोली के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती तौर पर युवक की मौत का कारण नशे का ओवरडोज माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।