नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत ढकोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 ग्राम हेरोइन बरामद की है। थाना ढकोली के प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम सिंह के नेतृत्व में एएसआई मेवा सिंह की निगरानी में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर पांच युवकों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र स्वर्गीय अमित कुमार लाल निवासी सेक्टर-17, पंचकुला; शिवम सिंह पुत्र स्वर्गीय विजय सिंह निवासी सेक्टर-17ए, चंडीगढ़; भगवान पुत्र हवा सिंह निवासी सूरजपुर, जिला पंचकुला; अमनदीप सिंह पुत्र नरिंदर सिंह निवासी गांव जीवेरी, जिला यमुनानगर; तथा नरिंदर सिंह सैनी पुत्र सतपाल सिंह सैनी निवासी गांव रामगढ़, जिला पंचकुला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना ढकोली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी आपस में जुड़े हुए हैं और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है। इस दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे हेरोइन कहां से लाते थे और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने की तैयारी की जा रही है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।