लुधियाना/यूटर्न/24 अप्रैल। लुधियाना के जगराओं के पास स्थित गांव गालिब कलां और अमरगढ़ कलेर में शॉर्ट सर्किट के कारण खेतों में आग लग गई। इस घटना में एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जबकि दोनों गांवों की लगभग 50 एकड़ नाड़ भी आग की चपेट में आ गई। किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। आग लगने का कारण घर को जाने वाली बिजली की तार के मीटर के पास हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शुरुआत में आग का पता नहीं चला, लेकिन जब खेतों से धुआं उठने लगा तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। सूखी नाड़ होने के कारण आग तेजी से फैली और आसपास के कई खेत इसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने 30 ट्रैक्टरों से मिट्टी डालकर आग को फैलने से रोका
आग की सूचना पर गालिब कलां व अमरगढ़ कलेर के किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ खेतों की ओर पहुंचे। 30 से अधिक ट्रैक्टर चालकों ने खेतों के चारों ओर मिट्टी डालकर और रास्ता बनाकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। जगराओं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज गर्मी और सूखी नाड़ के कारण आग तेजी से फैलती रही।
---