लुधियाना/यूटर्न/24 अप्रैल। लुधियाना के सरकारी स्कूलों के 50 प्रतिशत से ज्यादा टीचर्स की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई। जनगणना में ड्यूटी के कारण स्कूलों में स्टूडेंट्स की पढ़ाई प्रभावित होने का हवाला देकर टीचर्स ने इसका विरोध किया। जिला प्रशासन ने एक स्कूल से 50 प्रतिशत से ज्यादा टीचर्स की ड्यूटी न लगाने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन ने डीईओ से ऐसे स्कूलों की रिपोर्ट मांग ली है जिनके 50 प्रतिशत से ज्यादा टीचर्स की जनगणना में ड्यूटी लगी है। दरअसल जिला शिक्षा अधिकारी ने जिला प्रशासन के साथ हुई बैठक में यह मामला उठाया और कहा कि अगर 50 फीसदी से ज्यादा टीचर्स जनगणना ड्यूटी पर रहेंगे तो विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो जाएगी। जिला प्रशासन के साथ बैठक होने के बाद डीईओ ने सभी स्कूल प्रिंसिपल्स को हिदायतें दी हैं कि जिनके 50 प्रतिशत से ज्यादा टीचर्स की ड्यूटी लगी है उनकी रिपोर्ट एक तय फॉर्मेट में भेजें ताकि रिपोर्ट एडीसी को सौंपी जा सके।
टीचर्स ने जताई थी आपत्ति
दरअसल, जनगणना के लिए ड्यूटी लगने की जानकारी मिलने के बाद टीचर्स यूनियंस और स्कूल प्रभारियों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया। उनका तर्क था कि बोर्ड परीक्षाओं और नए शैक्षणिक सत्र के बीच अगर इतने बड़े स्तर पर टीचर फील्ड में चले जाएंगे, तो स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह ठप हो जाएगी।
---