स्कूल कर्मचारियों की छंटनी के विरोध में आंदोलन तेज, परिवारों सहित शामिल होने की अपील
मुख्य बस स्टैंड से विधायक आवास तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेगी यूनियन
मुख्य बस स्टैंड से विधायक आवास तक शांतिपूर्ण मार्च निकालेगी यूनियन
डेराबस्सी 19 Apr :
भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल) ब्लॉक डेराबस्सी की एक अहम बैठक संगठन के दफ्तर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सूबा मीत प्रधान मनप्रीत सिंह अमलाला ने की, जिसमें विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डेराबस्सी स्थित सुखमनी स्कूल में चल रहे धरना-प्रदर्शन पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। बताया गया कि स्कूल प्रशासन द्वारा ड्राइवरों और अन्य कर्मचारियों को बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से निकाल दिया गया है। इस फैसले के विरोध में भारतीय किसान यूनियन लखोवाल शुरू से ही संघर्षशील यूनियनों और मजदूरों के साथ धरने में शामिल रही है।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 21 अप्रैल को भारतीय किसान यूनियन लखोवाल और सहयोगी संगठनों के बैनर तले एक शांतिपूर्ण पैदल रोष मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च सुबह 9 बजे मुख्य बस स्टैंड डेराबस्सी से शुरू होकर हलका विधायक के आवास तक जाएगा।
यूनियन ने सभी सहयोगी संगठनों, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं और क्षेत्र के निवासियों से अपील की है कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें और प्रभावित कर्मचारियों के समर्थन में आवाज बुलंद करें।
बैठक में रणजीत सिंह राणा (ब्लॉक प्रधान), जगतार सिंह, हरी सिंह, कंवलजीत सिंह, हरनाम सिंह, परमजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, केहर सिंह, गुलाब सिंह, गुरपाल सिंह, धर्मपाल सिंह, हरपाल सिंह, छज्जा सिंह, राम सिंह, कर्नैल सिंह, जरनैल सिंह, सुरजीत सिंह और धर्म सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।