शहर में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने धनास लेक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि समय रहते गिरफ्तारी कर संभावित लूट की वारदात को टाल दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम गुप्ता उर्फ गंजा निवासी डड्डूमाजरा कॉलोनी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके में घूम रहा था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
गश्त के दौरान पुलिस को मिली सफलता
सूत्रों के अनुसार पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान धनास लेक के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से अवैध पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। मौके पर ही आरोपी को काबू कर लिया गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। आरोपी नशे का आदी भी बताया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी को अदालत पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी थी। इसके बावजूद वह शहर में सक्रिय था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लाया था, उसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है और वह किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को शहर में अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी माना जा रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।