चंडीगढ़, 12 अप्रैल : शिक्षा के माध्यम से वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्यरत Noble Foundation के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल Gulab Chand Kataria से मुलाकात कर उन्हें वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। यह भेंट 11 अप्रैल को चंडीगढ़ स्थित राजभवन में हुई।
प्रतिनिधिमंडल में प्रवीण चड्ढा, मीनाक्षी जैन, मंजू ओसवाल, अकेता ओसवाल, राकेश जैन और संस्था के अध्यक्ष राजिंदर शर्मा शामिल रहे। इस दौरान प्रवीण चड्ढा ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संस्था द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए संचालित निःशुल्क विद्यालयों और उनके शैक्षणिक, सामाजिक व नैतिक विकास हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
संस्था के प्रयासों से प्रभावित होकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने इसकी सराहना करते हुए इसे समाज निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने निकट भविष्य में संस्था के स्कूलों का दौरा कर बच्चों से मिलने की इच्छा भी जताई।
संस्था के अध्यक्ष राजिंदर शर्मा ने कहा कि राज्यपाल को आमंत्रित करना उनके लिए गौरव की बात है और उनका मार्गदर्शन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।