पंजाब/यूटर्न/11 अप्रैल। बटाला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार से चल रहे नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन, पिस्तौल, कारतूस और ड्रग मनी भी बरामद की है। वहीं, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जांच में सामने आया है कि वे जबरन वसूली, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से 6.5 किलोग्राम हेरोइन, .30 कैलिबर पिस्तौल, 6 कारतूस और 1 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके अलावा आरोपी जबरन वसूली, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में ये भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए अपराधियों को हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस, बटाला में FIR दर्ज की गई है।
30 मार्च चलाई थी गोलियां
30 मार्च को बटाला के सिविल लाइन्स इलाके में विदेश में बैठे शरारती तत्वों के इशारे पर 2 अज्ञात व्यक्तियों ने गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने जांच के बाद वंश और सुखचैन नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 2 पिस्तौल (.30 बोर) और 8 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी वंश ने बताया कि वह ये पिस्तौल रविपाल (निवासी रायपुर) और एक नाबालिग लड़के से लेकर आया था। पुलिस ने इन दोनों को भी मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया।
---