लुधियाना/यूटर्न/9 अप्रैल। लुधियाना में पावरकॉम विभाग के जेई ने ही विभाग के साथ दो करोड़ का घोटाला कर डाला। उसने स्टोर से धड़ल्ले के साथ सामान निकाला और उसे पर्सनल इस्तेमाल कर लिया। लेकिन जब उससे हिसाब मांगा तो वह सामान कहा इस्तेमाल किया, उसका हिसाब नहीं दे पाया। जिसके बाद विभाग ने इसकी पुलिस को शिकायत दी। थाना डेहलों की पुलिस ने सहायक कार्यकारी इंजीनियर कमलजीत सिंह की शिकायत पर जेई तनुज सरींह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी जेई तनुज सरींह कार्यालय में तैनात था। जांच के दौरान यह पाया गया कि साल 2021-22 से लेकर 2024-25 के बीच आरोपी ने स्टोर से भारी मात्रा में सामान निकलवाया था। जब इस सामान का रिकॉर्ड खंगाला गया, तो पता चला कि दो करोड़ सात लाख रुपये से अधिक की राशि का सामान कम पाया गया। सहायक कार्यकारी इंजीनियर कमलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उक्त कर्मचारी लंबे समय से इस कमी को क्लियर नहीं कर पा रहा था। सरकारी रिकॉर्ड में इतनी बड़ी रकम का अंतर पाए जाने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाया और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की।
----