चंडीगढ़। आगामी दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर निगम चुनावों को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए पार्टी ने बूथ लेवल एजेंट (BLA) और बूथ कमेटियों की बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया है, जो पिछले तीन दिनों से लगातार जारी है।
तीसरे दिन शहर के पांच वार्डों में बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें बूथ कमेटियों और बीएलए सदस्यों को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान सांसद मनीष तिवारी और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच एस लक्की स्वयं विभिन्न वार्डों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। नेताओं ने बूथ कमेटियों की भूमिका को अहम बताते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रहने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य दिसंबर 2026 के नगर निगम चुनाव हैं और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाकर इस लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस सभी 35 वार्डों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और अधिकतम सीटों पर जीत हासिल कर नगर निगम में मेयर बनाएगी।
वहीं, सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि किसी भी चुनाव में बूथ कमेटी रीढ़ की हड्डी होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क बढ़ाने और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की अपील की।
पार्टी के अनुसार, पिछले तीन दिनों में 15 वार्डों में बैठकों का आयोजन किया जा चुका है, जबकि आगामी दिनों में शेष वार्डों में भी यह अभियान जारी रहेगा। कांग्रेस ने लक्ष्य रखा है कि अप्रैल माह के भीतर सभी 35 वार्डों में बूथ कमेटियों और बीएलए का गठन पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद मई में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया और चुनावी प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि पार्टी पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतर सके।
चंडीगढ़ कांग्रेस का दावा है कि मजबूत संगठन और प्रभावी बूथ प्रबंधन के दम पर पार्टी आगामी नगर निगम चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी और शहर को जवाबदेह व विकासोन्मुख प्रशासन देगी।