लुधियाना, 4 अप्रैल: ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के मोर्चे पर पंजाब तेजी से देशभर के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। इसी कड़ी में संजेव अरोड़ा से मुलाकात के लिए देश के दिग्गज उद्योगपति और हेल्थकेयर सेक्टर के प्रमुख चेहरे लुधियाना पहुंचे।
बैठक में मेदांता के प्रमुख डॉ. नरेश त्रेहान , आरजे कॉर्प के रवि जयपुरिया, लेमन ट्री होटल्स के पतनजली केसवानी और मेदांता के डॉ. संदीप साहनी शामिल रहे।
बैठक के दौरान पंजाब को निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने, विशेषकर हेल्थकेयर सेक्टर में बड़े निवेश, अत्याधुनिक अस्पतालों की स्थापना और इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण पर गहन चर्चा हुई।
मंत्री अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी प्रक्रियाओं और बेहतर सुविधाओं के माध्यम से निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की उच्चस्तरीय बैठकों से पंजाब में निवेश को नई गति मिलेगी, जिससे रोजगार सृजन के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।