सेक्टर-37 भाजपा कार्यालय ग्रेनेड हमले का खुलासा: 5 आरोपी गिरफ्तार, जिंदा हैंड ग्रेनेड और कारतूस बरामद
चंडीगढ़ 04 March : चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले को सुलझा लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड और अन्य गोला-बारूद बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंदर लाल उर्फ शामी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, रूबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा के रूप में हुई है। वहीं, हमले में शामिल दो मुख्य आरोपी गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा मॉड्यूल इंटर -सर्विसेज इंटेलीजेंस (पाक-आईएसआई) से जुड़ा हुआ था और इसके तार विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हैं, जो पुर्तगाल और जर्मनी से ऑपरेट कर रहे थे। आरोपियों ने एक संगठित नेटवर्क के तहत इस हमले को अंजाम दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने हैंड ग्रेनेड, हथियार और जिंदा कारतूसों की खेप को विभिन्न माध्यमों से एक-दूसरे तक पहुंचाया, जिसके बाद अंतिम हमलावरों को सौंपा गया। पुर्तगाल में बैठे हैंडलर बलजोत सिंह उर्फ जोत के निर्देश पर पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान एक जिंदा हैंड ग्रेनेड और 15 जिंदा .30 बोर कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है, जिसमें पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और जल्द ही पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश किया जाएगा।