लुधियाना/यूटर्न/4 अप्रैल। जगराओं के गांव सिधवां कलां-बरसाल लिंक रोड पर खेतों में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। मृतक की पहचान गांव चीमना निवासी परमवीर सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में ले लिया। लाश को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। थाना सदर के प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को खेतों में एक युवक की लाश पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। जांच अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मृतक ने संभवतः कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया हो। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
---