लुधियाना 02 Apr :
थाना दरेसी के अंतर्गत आने वाले माधोपुरी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियारबंद लुटेरों ने एक मनी एक्सचेंजर की दुकान को निशाना बनाते हुए लूट की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, 18 नंबर गली स्थित साहिल टेलीकॉम और मनी ट्रांसफर की दुकान पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश अचानक घुस आए।
लुटेरों ने दुकान में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक पड़ोसी पर बदमाशों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि छीना-झपटी के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लग गई।
घटना के दौरान बदमाशों ने बेसमेंट में मौजूद व्यक्ति के सिर पर वार कर उसे भी बुरी तरह जख्मी कर दिया। जब दुकानदार ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उस पर भी हमला किया और मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।