जीरकपुर/यूटर्न/2अप्रैल।साउथ सिटी सोसाइटी के पास देर रात एक बाइक सवार झपटमार ने व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित आशीष शर्मा (39) ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे वह अपनी सोसाइटी के पास एक परिचित को एक्टिवा चलाना सिखा रहा था। वह खुद स्कूटी के पीछे बैठा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।