पंजाब 4 जनवरी। पंजाब के गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के रिश्तेदार संदीप सिंह रंधावा अचानक से करोड़पति बन गए है। उन्होंने 200 रुपए के लॉटरी टिकट से 1.50 करोड़ रुपए का इनाम जीता है। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है। खास बात ये है कि संदीप सिंह को इस लौटरी का टिकट दुकानदार ने 3 घंटे पहले ही जबरन थमाया था। इसके बाद जब शाम को उन्हें लौटरी में 1.50 करोड़ रुपए का इनाम जीतने के बारे में बताया गया तो वे हैरान रह गए। इसकी जानकारी उन्होंने परिवार को दी तो सभी खुशी से उछल पड़े। सभी ढोल बजवाते हुए तुरंत दुकानदार के पास पहुंचे और लौटरी का टिकट जमा कराया। बता दें कि पांच दिन पहले ही पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में किसान बलकार सिंह ने 7 रुपए की लॉटरी से एक करोड़ रुपए का इनाम जीता है। किसान बलकार सिंह ने 24 दिसंबर को सरहिंद के बिट्टू लॉटरी स्टॉल से सिक्किम स्टेट लॉटरी का टिकट खरीदा था।
दुकानदार ने जबरन दिया टिकट
गुरदासपुर के गांव हरदौबथवाला निवासी संदीप सिंह रंधावा ने बताया कि वह शाम करीब 3-3:30 बजे बाजार में खरीदारी करने गए थे। बेदी लॉटरी स्टॉल पर पहुंचने पर उसके मालिक मोहन लाल ने उन्हें जबरदस्ती 200 रुपए का पंजाब स्टेट डियर लॉटरी का टिकट दे दिया। इस लॉटरी का परिणाम उसी शाम 6 बजे घोषित होना था। संदीप के मुताबिक, शाम को परिणाम का पता चला कि वे 1.50 करोड़ रुपए के विजेता बन गए हैं। उन्होंने अपने परिवार के साथ बेदी लॉटरी स्टॉल पर जाकर अपना विजयी टिकट जमा करवा दिया।
----