चंडीगढ़/यूटर्न/1 अप्रैल। चंडीगढ़ पुलिस के एक हवलदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन (सीबीआई) ने सेक्टर-26 थाना क्षेत्र के बीट इंचार्ज हवलदार सुनील यादव को ट्रैप लगाकर पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, हवलदार सुनील यादव पर सेक्टर-26 सब्जी मंडी में अवैध रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों से नियमित वसूली करने के आरोप थे। इस संबंध में सीबीआई को पहले ही शिकायत मिल चुकी थी, जिसके बाद एजेंसी ने योजना बनाकर ट्रैप बिछाया।
सीबीआई टीम ने आरोपी को मंडी के पास वॉशरूम के नजदीक उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कथित तौर पर रिश्वत की रकम ले रहा था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम उसे अपने साथ ले गई।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और वसूली के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।