लुधियाना/यूटर्न/31 मार्च।लुधियाना के कुमकलां थाना क्षेत्र के तखरां गांव में माछीवाड़ा ब्लॉक के कांग्रेस प्रधान परमिंदर तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है , जबकि मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने जय सिंह, उसके बेटे रवि कुमार, अमरीश और गांव के सुनील को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा बेटा अजय कुमार फरार है। यह एफआईआर परमिंदर तिवारी के भतीजे शनि शर्मा की शिकायत पर दर्ज की गई। शिकायत के अनुसार, तिवारी अपनी बिल्डिंग के बाहर बैठे थे, तभी आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने माछीवाड़ा रोड पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। परिवार का कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। वहीं तिवारी का शव फोर्टिस अस्पताल की मॉर्चरी में रखा हुआ है। पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि पहले मुख्य आरोपी का नाम विजय कुमार बताया गया था, जबकि एफआईआर में अजय कुमार दर्ज है।