जीरकपुर में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि सितंबर 2025 में उसने जीरकपुर से शिमला जाने के लिए एक कैब बुक की थी, जिसे निशान सिंह चाहल चला रहा था। शिमला पहुंचने के बाद उसका कुछ सामान गाड़ी में ही छूट गया था। इसके बाद अक्टूबर में जब उसने आरोपी से संपर्क कर अपना सामान वापस मांगा, तो आरोपी ने चंडीगढ़ आने पर सामान लौटाने की बात कही।
पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2025 में आरोपी ने उसे फोन कर कहा कि वह शिमला में है और वह वहीं आकर अपना सामान ले जाए। जब पीड़िता शिमला पहुंची, तो आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने मार्च 2026 में शादी करने का वादा किया था और तारीख भी तय कर दी गई थी, लेकिन तय दिन पर वह शादी के लिए नहीं पहुंचा। इसके बाद खुद को ठगा महसूस करते हुए पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।