जीरकपुर के बलटाना स्थित मेन मार्केट क्षेत्र में पीने के पानी की पाइपलाइन लीकेज होने से सड़क पर पानी भर गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार की व्यस्त सड़क पर जमा पानी के कारण जहां पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय दुकानदारों और निवासियों के अनुसार, यह समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार बहते पानी के कारण सड़क पर कीचड़ जमा हो गया है, जिससे फिसलन बढ़ गई है और हादसों का खतरा भी बना हुआ है।
मौके पर स्थिति यह है कि सड़क के कई हिस्सों में पानी भरा हुआ है और लोगों को किनारे-किनारे चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। वाहन चालक भी पानी से बचने के प्रयास में संतुलन खो रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
दुकानदारों का कहना है कि इस समस्या का सीधा असर उनके व्यापार पर पड़ रहा है। गंदगी और पानी के कारण ग्राहक बाजार में आने से बच रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन लीकेज को ठीक कर सड़क की सफाई करवाई जाए, ताकि राहत मिल सके।
यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
मैं टीम भेजकर मौके की जांच करवा लेता हूं, उसके बाद ठेकेदार को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।