चंडीगढ़/यूटर्न/30 मार्च।चंडीगढ़ में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रामदरबार फेज-2 का है, जहां शिव मंदिर के पास दिनदहाड़े स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर नंबर 52 दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता अनुज कुमार, निवासी डेरा बस्सी (पंजाब), ने पुलिस को बताया कि 28 मार्च 2026 को वह शिव मंदिर के पास मौजूद थे, तभी एक अज्ञात बदमाश उनके पास आया और उनसे 1100 रुपये नकद, आधार कार्ड व पैन कार्ड की फोटोकॉपी और एक चांदी की चेन छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।