पंजाब/यूटर्न/30 मार्च।पंजाब सरकार की हालिया कैबिनेट बैठक में महिलाओं के लिए एक बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजना को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार के फैसले के अनुसार, सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1000 प्रति माह और अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह दिए जाएंगे। यह राशि अप्रैल महीने से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।29 मार्च को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को अंतिम मंजूरी दी गई। इससे पहले 8 मार्च को बजट के दौरान ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ की घोषणा की गई थी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। करीब 9300 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट वाली इस योजना से राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं लाभान्वित होंगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि 13 अप्रैल, बैसाखी के दिन से योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा कैबिनेट ने अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए।