अजीत झा, चंडीगढ़:
चंडीगढ़ के मौलिजागरां इलाके में रविवार रात करीब 9:50 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक तेजधार हथियार (कृपाण) लेकर सरेआम घूमता नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक नशे की हालत में था और हाथ में कृपाण लेकर गली में उत्पात मचा रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले एक युवक पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की, हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद हमलावर ने गली में खड़ी कई गाड़ियों पर वार कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
इस पूरी वारदात की फुटेज आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जो अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मौलिजागरां में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस ओर से प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही।
फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि इस घटना के बाद पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ाएगी या फिर किसी बड़ी वारदात का इंतजार किया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
मामले को लेकर जब मौलिजागरां थाना प्रभारी हरिओम से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।