अमृतसर /यूटर्न/28 मार्च।अमृतसर के क्वींस रोड से एक बेहद भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में फायर ब्रिगेड के अधिकारियों की इंसानियत और संवेदनशीलता साफ झलकती है, जिसे देखकर हर कोई उनकी जमकर तारीफ कर रहा है। दरअसल, बीती रात फायर ब्रिगेड को एक कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया कि एक कौआ चाइनीज डोर में बुरी तरह फंसकर एक ऊंचे पेड़ पर लटक चुका है और खुद को छुड़ाने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारी जगमोहन और गुरदेव सिंह के नेतृत्व में टीम ने पूरे समर्पण के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सावधानीपूर्वक उस कौए को डोर से छुड़ाया। इस दौरान यह ध्यान रखा गया कि पक्षी को किसी तरह की अतिरिक्त चोट न पहुंचे। रेस्क्यू के बाद कौए की प्राथमिक उपचार के रूप में मरहम-पट्टी की गई और जब उसकी स्थिति ठीक हो गई, तो उसे आजाद कर दिया गया। इस घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, लोगों के दिल को छू गया। कमेंट्स में लोग अमृतसर प्रशासन और फायर ब्रिगेड की सराहना करते नहीं थक रहे हैं।