अमृतसर/यूटर्न/27 मार्च।अमृतसर के पास स्थित कथू नंगल गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों को चिंता में डाल दिया है। ताजा मामले में श्मशान घाट को निशाना बनाते हुए चोरों ने लोहे के गेट, बिजली की तारें और अन्य सामान चोरी कर लिया। लेकिन सबसे दुखद और संवेदनशील बात यह रही कि एक परिवार की अस्थियां भी वहां से गायब हो गईं, जिससे पूरे गांव में गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है। पीड़ित परिवार के सदस्य कुलविंदर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी माता का अंतिम संस्कार किया था। परंपरा के अनुसार, उन्होंने अस्थियां श्मशान घाट में एक सुरक्षित स्थान पर रखी थीं, ताकि बाद में उन्हें विधि-विधान से विसर्जित किया जा सके। जब वह दोबारा अस्थियां लेने पहुंचे, तो वे वहां से गायब थीं। इस घटना ने परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार हो रही चोरियों से वे पहले ही परेशान थे, लेकिन श्मशान घाट जैसी पवित्र जगह को निशाना बनाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।