चंडीगढ़/यूटर्न/27 मार्च।पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र नेता जशनप्रीत सिंह पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है, जहां मुख्य शूटर जसप्रीत सिंह उर्फ जस को Agtf पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में अमलोह–पटरण रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। नाकाबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला बंबीहा गैंग के गैंगस्टर डोनी बल के इशारे पर किया गया था। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में सेक्टर-9 चंडीगढ़ में हुई फायरिंग घटनाओं से भी इस केस के तार जुड़ सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, फंडिंग नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और स्थानीय मददगारों की पहचान में जुटी है, जिससे ट्राइसिटी में सक्रिय संगठित अपराध के बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है।