चंडीगढ़/यूटर्न/27 मार्च। शहर के सेक्टर-33 में एक डिलीवरी ब्वाय के संदिग्ध हालत में मिलने का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा दिया। युवक के पास ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit का बैग था, जिससे वह ड्यूटी पर होने की आशंका जताई गई।
पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान सुनील (24) के रूप में हुई है, जो धनास स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का निवासी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह काफी देर तक एक ही स्थान पर खड़ा रहा और संतुलन बनाए रखने में असमर्थ दिखाई दे रहा था। उसकी हालत देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मौके पर पहुंची सेक्टर-34 थाना पुलिस की टीम युवक को अपने साथ ले गई और उसे मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। शुरुआती तौर पर लोगों ने आशंका जताई कि युवक नशे की हालत में हो सकता है, लेकिन पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं हुई।
पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर युवक को रात भर हिरासत में रखा गया और बाद में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जमानत बांड भरने के बाद रिहा कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के पास मिले डिलीवरी बैग को लेकर संबंधित कंपनी से संपर्क साधने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की परिस्थितियों को देखते हुए अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।