जीरकपुर 26 March : थाना ढकौली पुलिस ने गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 4.47 ग्राम हेरोइन बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अतुल चोभे निवासी योग विहार, बलटाना और कपिल शर्मा निवासी कृष्णा एंक्लेव, ढकौली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम मंगलवार दोपहर करीब सवा 12 बजे गश्त करते हुए कृष्णा एंक्लेव के पास सोलिटेयर सोसायटी के नजदीक पहुंची। इस दौरान एक खाली प्लॉट में खड़ी सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार संदिग्ध हालत में दिखाई दी, जिसमें दो युवक बैठे थे। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। जांच के दौरान कार के गियर के पास हरे रंग की पॉलिथीन में संदिग्ध पदार्थ मिला। पुलिस ने नारकोटिक ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की, जिसमें पदार्थ हेरोइन पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर यह 4.47 ग्राम निकला।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत दोनों आरोपियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। बरामद हेरोइन को सील कर कब्जे में ले लिया गया और दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ कर नशा सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।