हरियाणा/यूटर्न/26 मार्च। हरियाणा सरकार ने कनीना में 6-बेज के आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दी है। इस परियोजना पर कुल 10 करोड़ 67 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का आभार जताते हुए लोगो ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कनीना में बनने वाला यह नया बस स्टैंड पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें यात्रियों के बैठने के लिए विशाल एवं आरामदायक प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, आधुनिक टिकट काउंटर और डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। बसों के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए 6 अलग-अलग प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बस स्टैंड बनने से न केवल यात्रियों का सफर सुगम होगा, बल्कि इससे पूरे कनीना क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। परिवहन सुविधाओं में विस्तार होने से स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को मिलेगा।
उन्होने बताया कि आरती सिंह राव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया व अन्य औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं ताकि निर्माण कार्य समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न हो सके।