बठिंडा/यूटर्न/26 मार्च।बठिंडा में एनएफएल फैक्ट्री के समीप ट्रेन की चपेट में आने से 33 वर्ष युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के वालंटियर गौतम शर्मा, अतुल जैन और सुमित माहेश्वरी मौके पर पहुंचे और जीआरपी पुलिस को बुलाया। मृतक युवक के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला। हालांकि, संस्था ने अपने नेटवर्क को संपर्क किया तो कुछ ही देर में युवक की पहचान रवि कुमार (33 वर्ष) निवासी जोगी नगर के तौर पर हुई। परिजनों के अनुसार रवि की शादी हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसका तलाक हो गया था। वह गाड़ियों में माल भराई का काम करता था। थाना जीआरपी अधिकारी गुरपाल सिंह ने बताया रवि घटना स्थल के पास कुछ ही दूरी पर एक किराए के मकान में रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 194 बी एनएसएस के तहत कार्रवाई की है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।