लुधियाना, 25 मार्च। पंजाब सरकार ने डिफॉल्टर राइस मिलर्स से बकाया वसूली और राज्य में उद्योग को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना 2025 शुरू की है। इस योजना के तहत लुधियाना पश्चिम जिले में पनग्रेन एजेंसी के राइस मिलर राकेश कांसल ने अपनी मिल “श्री गणपति राइस एंड जनरल मिल, रायकोट” से संबंधित वर्ष 2010-11 के खातों का निपटारा कर लिया है।
जिला प्रबंधक पनग्रेन-कम-जिला नियंत्रक, खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामले सरताज सिंह चीमा ने बताया कि विभाग और मिलर के बीच पिछले 15 वर्षों से अदालत में मामला लंबित था। ओटीएस 2025 योजना के तहत मिलर द्वारा आवश्यक बकाया राशि सरकारी खाते में जमा करवाने के बाद उन्हें “नो ड्यूज सर्टिफिकेट” जारी किया गया।
उन्होंने कहा कि यह योजना मिलर्स के लिए सरल, पारदर्शी और पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया पर आधारित है। इच्छुक मिलर्स विभाग की आधिकारिक वेबसाइट anaajkharid.in या संबंधित जिला कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।
राकेश कांसल ने इस योजना को बेहद लाभकारी बताते हुए कहा कि लंबे समय से चल रहे मुकदमे के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा था। उन्होंने इस पहल के लिए पंजाब सरकार का आभार जताया।