लुधियाना, 25 मार्च। पंजाब के हाउसिंग एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और ग्लाडा के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार के निर्देशों पर ग्लाडा के रेगुलेटरी विंग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव धांदरा, माणकवाल और महिमूदपुरा में 13 अवैध इमारतों और 3 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया।
ग्लाडा अधिकारियों के अनुसार, इन कॉलोनियों में बिना कानूनी मंजूरी के सस्ते प्लॉट देने के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा था। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद जब डेवलपर्स ने निर्माण कार्य नहीं रोका, तो प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध निर्माणों को सील करने के साथ-साथ सड़कों और अन्य ढांचों को भी तोड़ा गया।
मुख्य प्रशासक संदीप कुमार ने बताया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह विशेष मुहिम आगे भी जारी रहेगी, ताकि शुरुआती स्तर पर ही गैरकानूनी विकास को रोका जा सके। उन्होंने आम जनता से अपील की कि बिना मंजूरी वाली कॉलोनियों में प्लॉट या संपत्ति खरीदने से बचें, क्योंकि यहां बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जाएंगी।
ग्लाडा ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।