-चरणजीत सिंह चन्न-
जगरांव/यूटर्न25/मार्च। लुधियाना देहाती पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जोधां की पुलिस ने दो व्यक्तियों को 30 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना जोधां के जांच अधिकारी एएसआई (ASI) काबल सिंह ने बताया कि वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के संबंध में जोधां से नारंगवाल कलां की तरफ गश्त कर रहे थे। जब पुलिस पार्टी की गाड़ी नारंगवाल कलां की सीमा में आते सेम नाले के पुल के पास पहुंची, तो नाले की पटरी की तरफ से एक बाइक आता दिखाई दिया, जिस पर दो युवक सवार थे।
पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर जब उन्हें रोककर बाइक के हैंडल से टंगे लिफाफे की तलाशी ली, तो उसमें से 30 खुली नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को काबू कर लिया है और उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।