चैत्र नवरात्रों के सातवें दिन हरियाणा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर, कालका के प्राचीन मां काली मंदिर और चंडीमंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने हवन में भाग लिया और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की।
मंगलवार शाम को गुप्ता माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड द्वारा आयोजित भजन संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने माता रानी के भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस मौके पर गुप्ता ने कहा कि मां काली शक्ति, साहस और धर्म की प्रतीक हैं, जो अपने भक्तों को हर संकट से उबारकर सही मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्र का पर्व आत्मशक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है।
इसके बाद उन्होंने चंडीमंदिर में भी मां चंडी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान उनके साथ श्राइन बोर्ड के सचिव पृथ्वीराज, सदस्य डॉ. पुनीत बेदी, पूर्व मानद महासचिव रंजीता मेहता, भाजपा महामंत्री भुवनजीत और वरिष्ठ नेता विजय कालिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।