चंडीगढ़/यूटर्न/25 मार्च।चैत्र नवरात्रों के पावन अवसर पर मनीमाजरा स्थित मां भगवती डिस्पेंसरी (संतोषी माता मंदिर) में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम और विशाल लंगर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी के चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन डिस्पेंसरी की मुख्य सेवादार डॉ. अंशु बंसल और करण बंसल द्वारा अपने परिवार सहित किया गया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लंगर की शुरुआत करवाई। इस आयोजन में माता मंसा देवी ट्रस्ट का विशेष सहयोग रहा, जिनकी देखरेख में लंगर की व्यवस्थाएं की गईं।
मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भजनों की मधुर धुनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बड़े उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण किया। लंगर का आयोजन माता अन्नपूर्णा और संतोषी माता मंदिर परिसर में किया गया, जहां सेवा भाव से लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर शहर की कई गणमान्य हस्तियां भी मौजूद रहीं, जिनमें संतोषी माता मंदिर के महंत एवं समाजसेवी रामेश्वर गिरी, ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एस.एस. परवाना, चेयरमैन सुभाष धीमान और मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय शामिल रहे।
सभी अतिथियों और सेवादारों ने लंगर वितरण में सहयोग करते हुए सेवा भाव का परिचय दिया। इस अवसर पर डॉ. अंशु बंसल और करण बंसल ने कहा कि माता रानी की कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से ही मानव सेवा का यह कार्य संभव हो पाता है।