सुनील पांडे
लुधियाना 3 जनवरी। नववर्ष के शुभ अवसर पर डीएमसी अस्पताल ने आम जनता को एक विशेष उपहार देते हुए जनरल ओपीडी परामर्श शुल्क को 120 रुपए से घटाकर मात्र 20 रुपए कर दिया है, ताकि हर व्यक्ति कम खर्च में डॉक्टर से परामर्श प्राप्त कर सके। इस पहल से लोगों को समय पर बीमारी की पहचान और उपचार में मदद मिलेगी, बिना परामर्श शुल्क की चिंता किए। ओपीडी शुल्क में कमी से स्वास्थ्य सेवाएं परिवारों के लिए अधिक सुलभ होंगी, लोग बीमारी के शुरुआती चरण में ही डॉक्टर से संपर्क करेंगे, छोटी स्वास्थ्य समस्याएं गंभीर होने से बचेंगी और सभी को बिना आर्थिक दबाव के विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। डीएमसी मैनेजिंग सोसाइटी के सचिव बिपिन गुप्ता ने कहा कि हमें आम जनता को यह सुविधा प्रदान करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मरीज आर्थिक कारणों से चिकित्सा परामर्श से वंचित न रहे। डीएमसी अस्पताल भविष्य में भी समाज के हित में ऐसे कदम उठाता रहेगा। उन्होंने आगे बताया कि डीएमसी अस्पताल में उच्च दक्षता वाले डॉक्टरों की टीम और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से मरीजों को किफायती दरों पर सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। डीएमसी अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. जी.एस. वांडर ने कहा कि मरीजों की देखभाल हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। यह पहल अधिक से अधिक लोगों को बीमारी के प्रारंभिक चरण में ही डॉक्टर से परामर्श लेने और मात्र 20 की नाममात्र राशि पर समय पर चिकित्सा सलाह प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।
----