चंडीगढ़/यूटर्न/ 24 मार्च।चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने सोमवार को राहुल गाँधी से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिष्टाचार भेंट की। राहुल गांधी अपनी दो दिवसीय शिमला यात्रा के बाद चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे।
इस दौरान लक्की ने शहर के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर विस्तार से चर्चा की और आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न जनहित मुद्दों को भी राहुल गांधी के समक्ष रखा।
बताया गया कि राहुल गाँधी ने लक्की की बातों को गंभीरता से सुना और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इस बैठक से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है, जिससे आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलेगी।