जीरकपुर 23 March : ढकोली के एमएस एनक्लेव स्थित महालक्ष्मी किरयाना स्टोर में सोमवार सुबह करीब 7 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले दुकान से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक को दी, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया।
दुकान मालिक मनीष गोयल ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की वजह से दुकान में रखा फ्रिज, आइसक्रीम, चॉकलेट, कोल्ड ड्रिंक और राशन का अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
गनीमत यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर इलाके में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कोटस
“घटना की सूचना सुबह 7:30 बजे हमें प्राप्त हुई। तुरंत प्रभाव से दो फायर टेंडर मौके पर भेज दिए गए और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।”
— राजीव शर्मा, फायर ऑफिसर, जीरकपुर